येदियुरप्पा ने विधायकों से मिलने से रोकने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया: दिग्विजय सिंह

 


येदियुरप्पा ने विधायकों से मिलने से रोकने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया: दिग्विजय सिंह


कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा ने पुलिस पर दबाव बनाकर उन्हें मध्य प्रदेश के बागी विधायकों से मिलने से रोकने का आरोप लगाया।


 

सिंह ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि अगर उन्हें विधायकों से निजी तौर पर बात करने का मौका मिले तो वह ज्यादातर विधायकों को अपने साथ वापस ले जाएंगे।

भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर मध्य प्रदेश के राजनीतिक संकट की ‘पटकथा लिखने और उसे अमल में लाने’ का आरोप लगाते हुए सिंह ने बागी विधायकों से अपील की कि वे ऐसा कोई कदम नहीं उठाएं जिससे भाजपा को फायदा हो।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे कर्नाटक के डीजीपी से पूरी सहानुभूति है, क्योंकि वह जबर्दस्त दबाव में हैं और मेरा आरोप है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की तरफ से उनपर दबाव है। 

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें विधायकों से मिलने और बात करने या उन्हें पत्र नहीं भेजने दे रही। ये विधायक 26 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव में उनके मतदाता हैं।

घटनाक्रमों को देश में भाजपा द्वारा रचित ‘सत्ता का खेल’ बताते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि अमित शाह की देख रेख में पार्टी ने इसकी कल्पना की और अंजाम दिया।

उन्होंने कहा कि आप लोग इसे ऑपरेशन लोटस कह सकते हैं लेकिन यह ऑपरेशन मनी (धन) बैग है। बहुत पैसा है। ऐसा पहले कर्नाटक में हो चुका है।